उत्क्रमित उच्च विद्यालय राढिया में रजिस्ट्रेशन के नाम पर अवैध उगाही का आरोप, अभिभावकों में आक्रोश

मोहनपुर। विद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लग रहे हैं कि बच्चों से नियमों को दरकिनार कर जबरन पैसे वसूले गए। अभिभावकों का कहना है कि रजिस्ट्रेशन के नाम पर तय शुल्क से अधिक राशि ली गई, जबकि सरकार द्वारा स्पष्ट निर्देश है कि सरकारी विद्यालयों में नामांकन और रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निःशुल्क है। बताया जा रहा है कि कई छात्रों से अलग-अलग मदों में पैसे मांगे गए, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा। कुछ अभिभावकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पैसे नहीं देने पर बच्चों का रजिस्ट्रेशन रोकने की धमकी भी दी गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दोषी पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, इस संबंध में विद्यालय प्रशासन का कहना है कि आरोप निराधार हैं और किसी तरह की अवैध उगाही नहीं की गई है। हालांकि अभिभावकों के आरोपों के बाद शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और बच्चों से वसूली गई राशि वापस होती है या नहीं।



