तामड़ा शिव मंदिर तृतीय वार्षिक महोत्सव पर 26 को भव्य कलश यात्रा के साथ अखंड हरिकीर्तन

सिमडेगा। सिमडेगा सदर प्रखंड अंतर्गत तामड़ा बाजार के समीप स्थित भव्य शिव मंदिर में तृतीय वार्षिक महोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर परिसर में 26 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और ग्रामीणों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है। समिति के अध्यक्ष अशोक प्रसाद केसरी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार की सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में गांव की महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे।
श्रद्धालु विधि-विधान के साथ जल लेकर मंदिर परिसर पहुंचेंगे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना एवं अधिवास पूजन संपन्न कराया जाएगा। इसके उपरांत 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन प्रारंभ होगा, जिसमें आसपास के विभिन्न गांवों की कीर्तन मंडलियां भाग लेंगी।अखंड हरिकीर्तन में भेलवाडीह, बीरू, लाछालोया, आन्धारीखमण, केशलपुर, भुडूपानी, टभाडीह, कुम्हारटोली सहित अन्य गांवों की मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। विभिन्न मंडलियों द्वारा भगवान शिव एवं हरि नाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
महोत्सव के प्रथम दिन संध्या बेला में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। वहीं दूसरे दिन 27 फरवरी को नगर ब्राह्मण की उपस्थिति में हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।इधर आयोजन को सफल बनाने के लिए शिव मंदिर समिति द्वारा मंदिर परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन, सजावट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति के सदस्य एवं ग्रामीण पूरी निष्ठा से तैयारी में जुटे हुए हैं। आयोजन को सफल बनाने में विजय केशरी, अमृत केशरी, संजय केशरी, विकास साहू, राजेन्द्र केशरी, छटकु केशरी, बिहारी केशरी, लक्ष्मी केशरी, मनोज केशरी सहित गांव के अन्य लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।



