एक माह भी नहीं टिक सकी नवनिर्मित सड़क, घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों में उबाल

माधौगढ़ (जालौन)। जगम्मनपुर स्टेट हाइवे से हनुमानगढ़ी तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा हाल ही में निर्मित डामर सड़क एक माह भी नहीं टिक सकी। सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद डामर उखड़ने लगा, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसे खुलेआम घटिया निर्माण का उदाहरण बताते हुए शासन-प्रशासन से जांच और पुनर्निर्माण की मांग की है।
ग्राम नगरा निवासी कमलेश कुमार पाल ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान संबंधित मेट से गुणवत्ता बनाए रखने का आग्रह किया गया था, बावजूद इसके मानकों की अनदेखी करते हुए कार्य कराया गया। उन्होंने कहा कि यह निर्माण प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सड़कों की गुणवत्ता को लेकर जारी सख्त निर्देशों के विपरीत है। उल्लेखनीय है कि यह मार्ग हनुमानगढ़ी, कस्वा, नगरा, पूरनपुरा, खराला, सिलउआ और भीमनगर होते हुए मध्यप्रदेश सीमा को जोड़ता है, जिससे इसकी उपयोगिता और महत्ता अत्यधिक बढ़ जाती है।
कस्वा निवासी लोकेंद्र याज्ञिक ने बताया कि जब उन्होंने ठेकेदार से सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाया तो ठेकेदार ने गर्मियों में दूसरा कोट डालने की बात कही। सोचने वाली बात है जब एक माह गुजर चुका है तो दूसरा कोट कब डलेगा।ग्रामीणों का कहना है कि पहले चरण में ही मानकों के अनुरूप निर्माण न होना गंभीर लापरवाही और सरकारी धन की बर्बादी को दर्शाता है।
वहीं कस्वा निवासी शिवकुमार पुजारी ने सड़क की बदहाल स्थिति पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे ठेकेदार के विरुद्ध अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री स्तर तक शिकायत करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क का पुनः मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके।



