पाइपलाइन लीकेज से सड़क में गड्ढा,एक माह से बह रहा पानी, नलों का जल प्रदूषित, अधिकारी मौन

माधोगढ़ (जालौन)। नगर पंचायत ऊमरी के वार्ड नंबर 8 में स्थित जय बिहारी मेमोरियल स्कूल के सामने बीते एक माह से पाइपलाइन लीकेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। लगातार पानी बहने से सड़क पर गहरा और खतरनाक गड्ढा हो गया है, जो राहगीरों के लिए किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है।
यह मार्ग सीधे बाजार को जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं दोपहिया-चारपहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय या बारिश के दौरान यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
पाइपलाइन लीकेज के कारण न केवल सड़क की स्थिति बदतर हो रही है, बल्कि नलों से आने वाला पेयजल भी दूषित हो रहा है। गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी रोष और चिंता व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता यदि इसी तरह बनी रही, तो किसी भी समय गंभीर अनहोनी हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।
क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत एवं जल विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि पाइपलाइन लीकेज को तत्काल ठीक कराया जाए, सड़क की मरम्मत कर गड्ढा भरा जाए तथा शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहित से जुड़ी इस गंभीर समस्या का समय रहते समाधान हो सके।



