बाबा बैद्यनाथ मंदिर के 18 दानपात्र खुले, चढ़ावे में निकले ₹17.67 लाख साथ में मिले नेपाली, डॉलर और रियाल

देवघर। विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रांगण स्थित सभी दानपात्रों को शुक्रवार को मंदिर प्रशासन की देखरेख में खोला गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई गिनती के बाद दानपात्रों से लाखों रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ-साथ विदेशी करेंसी भी प्राप्त हुई है।
इस बात की आधिकारिक जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि आज दिनांक 24.07.2026 को मंदिर प्रांगण में स्थापित कुल 18 दानपात्रों को प्रशासनिक निगरानी में खोला गया।
गिनती पूरी होने के पश्चात दानपात्र से कुल आय 17,67,086 के अलावा नेपाली नगद- 1630, डॉलर- 21, रियाल 17 दान स्वरूप प्राप्त हुआ।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुई पारदर्शी गिनती
मंदिर प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सभी 18 दानपात्रों को पूर्ण सुरक्षा घेरे में खोला गया। दानपात्रों से निकली पूरी राशि को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत मंदिर प्रशासनिक भवन में लाया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में नोटों की गिनती संपन्न हुई।
गौरतलब है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में रोजाना देश के कोने-कोने के अलावा विदेशों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धानुसार दानपात्रों में दान अर्पित करते हैं।



